
रास्ते के विवाद में महिला व तीन बेटियों से मारपीट, कपड़े फाड़ने का आरोप
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में रास्ते और दरवाजा लगाने को लेकर चल रहे पुराने पारिवारिक विवाद में महिला और उसकी तीन बेटियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामदुलारी (45) के पति रामरहीस की बीती 2 मई को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग परिवार को परेशान कर रहे थे। मकान के पास बने गलियारे और रास्ते पर दरवाजा लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया गया कि 25 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे रास्ते को लेकर रामदुलारी की बेटी माधुरी और शैलेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद सोनेलाल, शैलेंद्र और छोट्टा शराब के नशे में घर में घुस आए और रामदुलारी तथा उनकी बेटियों माधुरी, रामेश्वरी और साधना के साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता ने आरोपियों पर महिलाओं के कपड़े फाड़ने और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है।
मारपीट में रामेश्वरी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायल परिजनों को भी उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता रामदुलारी की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने सोनेलाल, शैलेंद्र और छोट्टा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
हरदोई एक्सप्रेस इंडिया न्यूज
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026