
बाँदा रोटी बैंक सोसायटी ने माधोपुर में जरूरतमंदों को वितरित किए वस्त्र और उपयोगी सामग्री
लगभग 350 जरूरतमंद ग्रामीण हुए लाभान्वित, महिलाओं और बच्चों को भी मिली सहायता
बाँदा, 15 नवम्बर 2026।
मानवता और सेवा की भावना को साकार करते हुए बाँदा रोटी बैंक सोसायटी ने रविवार को ग्राम माधोपुर में वृहद सेवा अभियान आयोजित किया। इस दौरान लगभग 350 जरूरतमंद ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को कपड़े, साड़ियां, किताबें, खिलौने, पर्स, जूते-चप्पल, बैग सहित दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
उल्लेखनीय है कि बाँदा रोटी बैंक सोसायटी पिछले 8 वर्षों से प्रत्येक रविवार जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर सेवा कार्य कर रही है। इस अभियान ने एक बार फिर संदेश दिया कि सच्ची सेवा का अर्थ जरूरत के समय किसी का हाथ थामना और उसके जीवन में खुशियां लाना है।
कार्यक्रम का आयोजन सोसायटी के संरक्षक शेख सादी जमा एवं सह संरक्षक चन्द्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में, उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम की अध्यक्षता तथा कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम के नेतृत्व में किया गया। ग्राम प्रधान जगदीश पाल के निर्देशन में यह कार्यक्रम ग्राम माधोपुर, थाना गिरवां, ब्लॉक महुआ, तहसील नरैनी, जनपद बाँदा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बाँदा शहर के जागरूक एवं समाजसेवी नागरिकों द्वारा दान स्वरूप उपलब्ध कराए गए वस्त्र और अन्य उपयोगी सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर सोसायटी के शाखा प्रमुख खाईपार इरफ़ान खान ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात नियमों एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर सोसायटी के उप शाखा प्रमुख मर्दन नाका निहाल खान ने सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है।
वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लाभार्थियों ने बाँदा रोटी बैंक सोसायटी की पूरी टीम को दुआओं और आशीर्वाद से नवाजा।
इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष रिज़वान अली, उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम, शाखा प्रमुख खाईपार इरफ़ान खान, शाखा प्रमुख खाईपार जगदीश श्रीवास, उप शाखा प्रमुख मर्दन नाका निहाल खान, सदस्य मोहम्मद यूनुस सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
रविवार सेवा दिवस पर आयोजित यह अभियान एक बार फिर साबित कर गया कि मानवता की सच्ची पहचान जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद, सम्मान और मुस्कान लाने से होती है।
Banda, Banda | Nov 15, 2026