
कृषि योजनाओं की प्रगति में विदिशा जिला प्रदेश में अव्वल
-----------------------------------
मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की अगस्त माह की प्रगामी रैंकिंग में 42.95 स्कोर के साथ विदिशा जिले ने हासिल किया प्रथम स्थान
-----------------------------------
विदिशा। कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषकों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में विदिशा जिले ने प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड के अंतर्गत अगस्त माह की प्रगामी रैंकिंग में विदिशा जिला मध्यप्रदेश के समस्त जिलों में अव्वल रहा है। जिले ने 42.95 स्कोर प्राप्त कर पहली रैंक हासिल की है। वहीं सतना जिला दूसरे तथा सीहोर जिला तीसरे स्थान पर रहा।
राज्य शासन द्वारा कृषि वर्ष 2026 में किसानों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, पारदर्शिता तथा परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग सहित उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मछुआ कल्याण एवं सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के लिए प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (केपीआई) निर्धारित किए गए हैं।
डैशबोर्ड के माध्यम से सभी जिलों की निर्धारित केपीआई के आधार पर योजनावार प्रगति की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाती है। संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा सत्यापित जानकारी के आधार पर जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है तथा प्राप्त उपलब्धियों के अनुरूप प्रदेश स्तर पर रैंकिंग निर्धारित की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत अगस्त माह की प्रगामी रैंकिंग में विदिशा जिले ने सर्वाधिक 42.95 स्कोर अर्जित कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में कृषि एवं इससे जुड़े सभी विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जा रही है। योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विभागीय गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे निर्देशों के अनुरूप विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित कर रहे हैं।
विदिशा जिले की यह उपलब्धि जिला प्रशासन, कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों, नियमित मॉनिटरिंग और योजनाओं के लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन का परिणाम है। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरणादायी साबित होगी। #vidisha #JansamparkMP