देवास जिले में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3.34 लाख की शराब और महुआ लाहन जब्त
कन्नौद, खातेगांव और नेमावर में दबिश, 14 प्रकरण दर्ज; एक आरोपी मौके से फरार
देवास। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए कन्नौद, खातेगांव और नेमावर क्षेत्र से 90 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 100 पाव देशी शराब, 50 पाव विदेशी व्हिस्की और 3000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 3 लाख 34 हजार 100 रुपए बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान काला फाटा हतनौरा स्थित खेत के मकान से शराब बरामद की गई। आबकारी टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। बरामद हाथ भट्टी शराब के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 14 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें 13 प्रकरण धारा 34(1) और एक प्रकरण धारा 34(2) के तहत दर्ज किया गया है।