
विश्व मधुमेह दिवस एवं बाल दिवस पर जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित होंगे स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण कार्यक्रम
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. आर. माथुर के मार्गदर्शन में दिनांक 14 नवंबर 2026 को विश्व मधुमेह दिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर गुना जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को मधुमेह सहित जीवनशैली से संबंधित बीमारियों (Lifestyle Diseases) के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संस्थाओं में आमजन का ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर परीक्षण, मधुमेह के लक्षणों एवं जोखिम कारकों की जानकारी, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, नियमित शारीरिक व्यायाम, योग एवं दैनिक दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव के संबंध में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देते हुए बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के जिला CPHC सलाहकार सत्येंद्र शर्मा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे इन स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण कार्यक्रमों में सहभागिता करें तथा मधुमेह एवं अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार एवं प्रतिदिन व्यायाम को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh