#गुना - मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर
आयोजित, विधायक एवं कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड बमोरी के संदीपनी विद्यालय फतेहगढ़ में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक बमोरी श्री ऋषि अग्रवाल, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज पांच चिन्हित शिकायतों की अधिकारियों से जानकारी लेकर उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों एवं समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित
शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग की योजना के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा से मृत्यु के पांच प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस प्रकार कुल 20 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। इनमें टिटिया पुत्र भानजी भील, कांताबाई पत्नी लक्ष्मीनारायण लोधा, दिलीप पुत्र सरदार मेहतर, सावित्रीबाई पत्नी कैलाश तथा प्रकाश पुत्र कल्लू अहिरवार के प्रकरण शामिल हैं। आजीविका मिशन के अंतर्गत सीसीएल वितरण के तहत फतेहगढ़ स्व-सहायता समूह, बजरंग स्व-सहायता समूह एवं मीना स्व-सहायता समूह को छह-छह लाख रुपये की ऋण राशि वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पांच बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सामाजिक न्याय विभाग की योजना के तहत दो हितग्राहियों को दिव्यांग उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविर में विभिन्न विभागों की अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य एवं आधार पंजीयन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। नामांतरण, बंटवारा, बटांकन, किसान कल्याण योजनाओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, पात्रता पर्ची एवं आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
स्वरोजगार एवं उद्यमियों से भी किया संवाद
शिविर के दौरान स्वरोजगार एवं स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक हितग्राहियों तथा स्थानीय उद्यमियों से भी संवाद किया गया। उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त करने, नया व्यवसाय शुरू करने तथा मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पूर्व श्री मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, जनपद अध्यक्ष बमोरी गायत्री भील जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्रीमती शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh