
डीआईजी ने किया साइबर थाना सुपौल का निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन का दिया लक्ष्य
प्रत्येक अनुसंधानकर्ता को हर माह कम से कम 10 कांडों के निष्पादन का निर्देश, पुरानी शिकायतों के निपटारे पर भी जोर
कोसी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने शनिवार को सुपौल जिले के साइबर थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुपौल के पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। डीआईजी ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं संचिकाओं का जायजा लेते हुए उन्हें समुचित तरीके से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में साइबर थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की गई। डीआईजी ने अगले माह तक लंबित मामलों के निष्पादन के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को प्रत्येक माह कम से कम 10 कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही पुरानी लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने को कहा।
इस दौरान साइबर अपराध से संबंधित मामलों में देशभर में साइबर पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने साइबर पोर्टल से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि साइबर थाना के माध्यम से आम लोगों को बेहतर एवं त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
डीआईजी ने साइबर थाना के पुलिस भवन की स्थिति का भी जायजा लिया। थाना में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान साइबर अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
Rajauli, Nawada | Aug 22, 2026