तेजस्वी यादव के आह्वान पर बेलागंज से निकला राजद समर्थकों का काफिला, पेपर लीक और छात्रों पर कथित कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर प्रस्तावित राजभवन मार्च में शामिल होने के लिए बेलागंज के पूर्व राजद प्रत्याशी सह युवा राजद नेता डॉ. विश्वनाथ यादव सैकड़ों समर्थकों के साथ गया से पटना के लिए रवाना हुए। उनके साथ बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से करीब 133 वाहनों का काफिला पटना के लिए रवाना हुआ।
पटना के जेपी गोलंबर से राजभवन तक प्रस्तावित पैदल मार्च में छात्र आंदोलनों के दौरान कथित बल प्रयोग, पेपर लीक और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सरकार पर जमकर बरसे डॉ. विश्वनाथ यादव
जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव के गया स्थित आवास से रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में डॉ. विश्वनाथ यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्र अपने हक और अधिकार की मांग कर रहे थे। ऐसे में उनके खिलाफ कथित तौर पर घातक हथियारों के इस्तेमाल की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्र कोई अपराधी नहीं हैं, बल्कि अपने भविष्य और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। पेपर लीक की घटनाओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए, क्योंकि इसका सीधा असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है।
सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान
डॉ. विश्वनाथ यादव ने कहा कि राजद छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि बेलागंज से बड़ी संख्या में छात्र और युवा पटना पहुंचकर राजभवन मार्च में शामिल होंगे।
मीडिया को लेकर भी साधा निशाना
मीडिया पर टिप्पणी करते हुए डॉ. विश्वनाथ यादव ने आरोप लगाया कि विपक्ष से जुड़े मामलों को ज्यादा प्रमुखता दी जाती है, जबकि सत्ता पक्ष से जुड़े मामलों को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने मीडिया से सभी घटनाओं को निष्पक्षता और समान दृष्टिकोण के साथ जनता के सामने रखने की अपील की।
राजभवन मार्च को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राजद नेताओं का कहना है कि छात्रों के अधिकार, पेपर लीक और कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
बाइट : डॉ विश्वनाथ यादव, पूर्व प्रत्याशी बेलागंज सह युवा राजद