
सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। रविवार, 27 सितंबर को पटना क्लब में आयोजित एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा की बैठक में विभिन्न जिलों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में रोहित सिंह को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया सचिव चुना गया।
बैठक के दौरान बिहार में वॉलीबॉल की गतिविधियों को बढ़ावा देने और आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की गतिविधियों, पिछली वार्षिक आम सभा के कार्यों की पुष्टि, संस्था की आर्थिक स्थिति और बजट तथा विभिन्न समितियों के गठन जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
एथलीट कमीशन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। आयोग में दो पुरुष और दो महिला सदस्यों के चुनाव का फैसला किया गया।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार में वॉलीबॉल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि बिहार में वॉलीबॉल की गतिविधियों को जिला स्तर तक मजबूत किया जाए और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार किया जाए।
रूडी ने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार के खिलाड़ियों को भी इन अवसरों का अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए वॉलीबॉल के क्षेत्र में प्रभावी और संगठित प्रयास किए जाएंगे।
#RajivPratapRudy #BiharVolleyball #Volleyball #Saran #Patna Rajiv Pratap Rudy
Chapra, Saran | Sep 27, 2026