
शादी का वादा, मंगनी और फिर मुकदमा: सिपाही पर युवती ने लगाया शारीरिक शोषण का आरोप
जालौन। कालपी कोतवाली क्षेत्र में प्रेम संबंध, मंगनी और तय विवाह के बाद विवाद का मामला पुलिस तक पहुंच गया। युवती ने उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कालपी क्षेत्र निवासी अंकित निषाद का चयन पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उसकी तैनाती हरदोई जनपद में हुई। इसी दौरान उसका अपने क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से मंगनी हुई और आगामी 22 नवंबर को विवाह की तिथि भी तय कर दी गई थी।
बताया जा रहा है कि मंगनी के बाद किसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Jul 9, 2026