
International Cyber Fraud: जिला पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक ऐसे हाईटेक और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार सीधे चीन से जुड़े हुए थे। सीहोर पुलिस ने त्वरित और तकनीकी कार्रवाई करते हुए फर्जीवाड़े की राशि को क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेशी नागरिक तक पहुंचाने वाले गिरोह के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां फरियादिया कंचन तोमर की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे व नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रविन्द्र यादव के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने जब NCRP पोर्टल के जरिए मनी ट्रेल खंगाली, तो चौंकाने वाले सुराग मिले। ठगी गई रकम को 9 और 10 अप्रैल को इंदौर के अलग-अलग ATM से निकाला गया था।
पुलिस ने सबसे पहले इंदौर के बाणगंगा निवासी गोपाल सेन और परदेशीपुरा निवासी सुमित कोष्ठी को दबोचा। आरोपियों ने कबूला कि वे ATM से पैसा निकालकर आर्यन अम्बेडकर (इंदौर) को देते थे और उन्हें इसके बदले 5 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आर्यन अम्बेडकर और उसके साथी ऋतेश प्रजापत को गिरफ्तार किया। आर्यन से हुई कड़ाई से पूछताछ में पूरे अंतरराष्ट्रीय रैकेट का सच सामने आ गया।
आर्यन ने खुलासा किया कि वह फ्रॉड की रकम से USDT खरीदता था और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए मैटी नाम के चीनी नागरिक को भेज देता था। इस काम के लिए उसे 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आर्यन से मिली लीड के आधार पर पुलिस ने हीरानगर (इंदौर) निवासी अनुराग पटेल को हिरासत में लिया।
अनुराग ने भी साइबर फ्रॉड के पैसों से USDT खरीदकर चीनी नागरिक को भेजने की बात स्वीकार की। उसने इस काले कारोबार में अपने साथी शिवेंद्र सिंह राजपूत के शामिल होने की जानकारी भी दी। पुलिस ने अब तक इस मामले में 5 आरोपियों गोपाल सेन, सुमित कोष्ठी, आर्यन अम्बेडकर, ऋतेश प्रजापत और अनुराग पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में शामिल फरार आरोपी शिवेंद्र सिंह राजपूत की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के विदेशी नेटवर्क और डिजिटल लेन-देन को लेकर गहराई से वैधानिक व तकनीकी जांच जारी है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
#sehore #MPNews #viralnews #viralpost #viral