
वोट चोरी का शोर मचाने वाली कांग्रेस मतदाताओं के हितों की बैठक से गायब, आरोपों की राजनीति का दोहरा चेहरा उजागर : डॉ. वंदना पोपली
रेवाड़ी, 11 नवंबर। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने रेवाड़ी के जिला उपायुक्त श्री अभिषेक मीना द्वारा SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर कड़ा प्रहार किया।
डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि जो कांग्रेस पार्टी दिन-रात वोट चोरी का राग अलापती है, आज जब मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर गंभीर बैठक बुलाई गई, तो उसके पास अपना एक प्रतिनिधि भेजने तक का समय नहीं था। यह कांग्रेस की कथनी और करनी के बीच का अंतर उजागर करता है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं से पुनः संपर्क करने का एक और अवसर दिया है, जिनके नाम मतदाता सूची से कट गए हैं। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से BLA-1 और BLA-2 के माध्यम से सहयोग मांगा है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल करवाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
डॉ. पोपली ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि छह बार विधायक रहे कैप्टन अजय यादव और एक बार विधायक रहे उनके पुत्र चिरंजीव राव अपनी पार्टी की ओर से किसी एक प्रतिनिधि को भी इस बैठक में नहीं भेज सके। क्या कांग्रेस की नजर में मतदाताओं के अधिकारों का महत्व केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित है? क्या वोट चोरी का मुद्दा केवल जनता को गुमराह करने और राजनीतिक रोटियां सेंकने का माध्यम बनकर रह गया है?
उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था के सामने बैठकर तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने का अवसर आता है, तब कांग्रेस नदारद रहती है; लेकिन बाहर खड़े होकर आरोप लगाने में सबसे आगे रहती है। यह दोहरा चरित्र अब जनता के सामने उजागर हो रहा है।
डॉ. पोपली ने कहा कि लोकतंत्र केवल भाषणों और आरोपों से नहीं चलता। लोकतंत्र में जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, व्यवस्था में भागीदारी करनी पड़ती है और जनता के हितों के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो।
कांग्रेस पहले आरोप लगाती है, फिर जिम्मेदारी से भागती है। जनता अब बयानबाजी नहीं, जवाबदेही चाहती है। लोकतंत्र में शोर मचाने से नहीं, जिम्मेदारी निभाने से विश्वसनीयता बनती है।
Rewari, Rewari | Nov 11, 2026