
*बांदा में DIG की अध्यक्षता में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा गोष्ठी सम्पन्न, चुनाव-2027 की तैयारियों पर भी हुई चर्चा*
*बांदा।* पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. की अध्यक्षता में रविवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा गोष्ठी सम्पन्न हुई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक एवं पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह मौजूद रहे।
गोष्ठी में माह में घटित प्रमुख कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं एवं गंभीर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपराधों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन, सत्यापन के बाद अपराध में संलिप्त व्यक्तियों एवं हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, गुमशुदा व्यक्तियों की समीक्षा, बरामदगी और शेष गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी, अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, थानों में जब्त वाहनों एवं माल के निस्तारण, जनसुनवाई, सीसीटीएनएस में 60 एवं 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य, ई-समन की समीक्षा की गई।
ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई एवं 68-एफ, साइबर अपराधों, आई-गॉट प्रशिक्षण, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट, ट्रैफिक जाम कम करने (RTC), जनपदों के टॉप-10 अपराधियों तथा मफरूर/घोषित अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी विस्तार से समीक्षा हुई। चिन्हित मफरूर अपराधियों के खिलाफ टीम गठित कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
*चुनाव और पर्वों पर विशेष सतर्कता के निर्देश*
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की समीक्षा के साथ ही कार्तिक पूर्णिमा/अमावस्या, डॉ. भीमराव अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस एवं क्रिसमस दिवस के अवसर पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। धार्मिक स्थलों, मंदिरों, गिरजाघरों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने, संवेदनशील स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, प्रभावी गश्त एवं फुट पेट्रोलिंग करने, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखते हुए अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने को कहा गया।
DIG ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अपराधों का त्वरित अनावरण, प्रभावी विवेचना, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा तथा जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाया जाए। SP Banda UP Police
Atarra, Banda | Nov 23, 2026