#भरतपुर। जिले के बयाना में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत कल मतदान होगा, जिसकी सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के 35 वार्डों में सुचारू मतदान के लिए 35 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 10 बूथों को संवेदनशील चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनावी मैदान में कुल 156 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें भाजपा से 26, कांग्रेस से 10 और आम आदमी पार्टी का 1 प्रत्याशी शामिल है, जबकि 119 निर्दलीय चुनावी होड़ में हैं। बुधवार शाम प्रचार थमते ही प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर अंतिम दौर की मनुहार शुरू कर दी है। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन परिणाम घोषित होंगे, जिसके अगले दिन 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया जाएगा।