
बेटियों को शिक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक।
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से पीएम श्री आर. लाल चानन +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाखोचक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बेटियों के अस्तित्व की रक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने घरेलू हिंसा सहित अन्य शिकायतों और सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत बिहार लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए बेटियों को 50 हजार रुपये तथा संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसका लाभ लेकर बेटियां प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ रही हैं।लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति के साथ-साथ कानूनन अपराध बताते हुए छात्राओं से इसके बहिष्कार की अपील की। विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार ने कहा कि बाल विवाह से बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह में शामिल लोगों के लिए दो वर्ष तक कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने बताया कि भूली-भटकी, बेघर या जरूरतमंद महिला एवं किशोरी शक्ति सदन में आश्रय ले सकती हैं। यहां आवास, भोजन सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई।विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। मौके पर वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, शिक्षक कृष्णमुरारी, गौतम कुमार, प्रीति सिंह, स्वीटी रानी, एमटीएस नवीन्द्र दास सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।