
कैंसर को मात देना है तो लक्षणों को न करें नजरअंदाज! सही समय पर जांच और जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा हथियार : डॉ. एन.ए. सिद्दीकी
लखनऊ। कैंसर का नाम सुनते ही लोग घबरा जाते हैं, लेकिन समय रहते बीमारी की पहचान और उचित उपचार से इससे मुकाबला किया जा सकता है। शरीर में लंबे समय तक सूजन, घाव, गांठ या असामान्य उभार को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। यह बातें शनिवार को राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. एन.ए. सिद्दीकी ने कहीं।
खुर्रमनगर स्थित नबील कैंसर केयर सेंटर में कैंसर केयर एंड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में कैंसर जागरूकता अभियान एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. सिद्दीकी ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया। शिविर में लंग्स, ब्लड, ब्रेस्ट, रेक्टल, लिवर तथा मुंह एवं गले के कैंसर से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
डॉ. सिद्दीकी ने बताया कि कैंसर बीमारियों का एक बड़ा समूह है, जिसमें शरीर की असामान्य कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं और आसपास के अंगों तक फैल सकती हैं। शरीर के किसी हिस्से में लंबे समय तक गांठ, सूजन या न भरने वाला घाव दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर लाइलाज नहीं है, बशर्ते समय रहते इसकी पहचान हो और उचित उपचार शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि कैंसर मुक्त भारत का सपना जनजागरूकता और समय पर जांच से ही साकार हो सकता है। सरकार की ओर से कैंसर की दवाओं के दाम कम करने तथा आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरतमंद मरीजों के लिए सहायक है।
इस अवसर पर डॉ. एन.ए. सिद्दीकी ने लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में कैंसर पीड़ित मरीजों को फल वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने मरीजों से सकारात्मक रहने और उपचार जारी रखने की अपील की।
कार्यक्रम में रोहित श्रीवास्तव, डॉ. मोहम्मद खालिद, डॉ. फरमान, डॉ. कुलदीप, डॉ. विवेक कुमार सिंह, हसीन अहमद, सद्दाम हुसैन, प्रवीण सिंह, मनीष भंडारी, मनोज शुक्ला सहित कैंसर केयर एंड वेलफेयर ट्रस्ट की निदेशक डॉ. निशा सिद्दीकी, एहसानुल हक और मोईन अहमद खान ने सहयोग किया।
Kishori Lal Sharma खबर पब्लिक न्यूज 0.2 एलटी न्यूज़ ट्वेंटी फोर Tarabul Haq Gaffari Amethi Agn News Express UP Mohd Musslim
Amethi, Amethi | Nov 7, 2026