
सब्जी मंडी में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
चाय होटल संचालक से मारपीट कर दी थी जान से मारने की धमकी, कई दिनों से फरार चल रहे थे आरोपी
भीलवाड़ा( महेंद्र नागोरी) जिले के बिजौलिया कस्बे की सब्जी मंडी में दिनदहाड़े हथियार लहराकर दहशत फैलाने और चाय होटल संचालक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाले तीन बदमाशों को बिजौलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
थाना पुलिस के एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया कि 5 जून को सब्जी मंडी क्षेत्र में थड़ौदा निवासी चाय होटल संचालक पिंटू पुरी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार होकर लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि सवाई माधोपुर जिले के जयसिंहपुरा निवासी परसराम (22) पुत्र हंसराज गुर्जर, महेश (20) पुत्र गिरिराज जाट तथा बिजौलिया निवासी लक्की (19) पुत्र शंकरलाल सेन वारदात के बाद नेशनल हाईवे-27 के आसपास विभिन्न स्थानों पर छिपकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, तीनों धराए
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नला के माताजी मंदिर क्षेत्र के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
दबंगई का निकला दम, पहुंच गए हवालात
दिनदहाड़े हथियार लहराकर आमजन में भय पैदा करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें हवालात पहुंचा दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
"