
जालौन में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पहुज नदी में डूबकर तीन युवकों की मौत, शव बरामद
मध्य प्रदेश के भिंड से शादी समारोह में शामिल होने आए थे युवक, नहाने के दौरान नदी के गहरे हिस्से में चले जाने से हुआ हादसा
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
जनपद के माधौगढ़ क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए तीन युवकों की पहुज नदी में डूबने से मौत हो गई। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने तीनों के शव बरामद कर लिए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के लिधौरा गांव से 17 युवक रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जालौन आए थे। गुरुवार को सभी युवक घूमने और स्नान करने के लिए माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास स्थित पहुज नदी पहुंचे।
नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19) पुत्र चरण सिंह, सुधीर बघेल (15) पुत्र जगदीश बघेल तथा अवनीश यादव (20) पुत्र गंगा यादव नदी के गहरे हिस्से में चले गए। साथियों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक तीनों युवक पानी में डूब चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और साथियों ने तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी। सूचना पर एसडीएम विनय कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह यादव तथा माधौगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और राहत-बचाव टीम की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह का माहौल मातम में बदल गया और मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
#orai #jalaun #Bhind #jalaunnews #oraijalaun #pahujriver #dmjalaun #spjalaun #jalaunpolice
Orai, Jalaun | Jun 19, 2026