जनपद जालौन में कोचिंग सेंटर्स पर प्रशासन की कार्रवाई, 12 से अधिक सेंटर सीज, सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां
लखनऊ अग्निकांड के बाद जालौन प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त जांच टीमों ने उरई नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को सीज कर दिया गया।
निरीक्षण के दायरे में इनफिनिटी विजन, भदौरिया क्लासेज, लक्ष्य कोचिंग, सिग्मा एकेडमी सहित कई अन्य संस्थान शामिल रहे। जांच में कई कोचिंग सेंटर बिना वैधानिक अनुमति के संचालित पाए गए, जबकि अनेक स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। कुछ संस्थानों में आपातकालीन निकास मार्ग, भवन सुरक्षा व्यवस्था और अन्य अनिवार्य मानकों का भी अभाव पाया गया। इन गंभीर खामियों को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्थानों को सीज कर दिया। निगरानी हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे तथा निरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद में करीब 60 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं। अब तक एक दर्जन से अधिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें बड़ी संख्या में कमियां पाई गई हैं। ऐसे संस्थानों के खिलाफ सीजिंग सहित वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे केवल मान्यता प्राप्त और सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले संस्थानों में ही प्रवेश लें। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और मानक अनुरूप शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा।
District Magistrate/District Election Officer, Jalaun
Orai, Jalaun | Jun 24, 2026