
वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर : प्रधानाचार्य बघेरवाल
राजकीय बालिका विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
शाहपुरा/भीलवाड़ा : सुभाष व्यास राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तहनाल गेट, शाहपुरा में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अनिल कुमार बघेरवाल ने की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य तथा समाजसेवी रामप्रसाद पारीक, सेवानिवृत्त व्याख्याता बोदूलाल गर्ग एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अध्यापक घनश्याम उपाध्याय का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार बघेरवाल ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। वे अपने अनुभव, संस्कार और जीवन-मूल्यों के माध्यम से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेकर परिवार एवं समाज में सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता की भावना विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान एवं सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विशेषता है। परिवार में बुजुर्गों का स्नेह और मार्गदर्शन नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करता है।
इस अवसर पर सूर्य प्रकाश शर्मा ने वृद्धजनों के सम्मान और सेवा का संदेश देने वाली प्रेरणादायी कहानी सुनाई। उन्होंने कहानी के माध्यम से बताया कि माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि संस्कारों की सच्ची पहचान है। जिस परिवार में वृद्धजनों का सम्मान और स्नेह बना रहता है, वहां संस्कार एवं मानवीय मूल्यों की परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रहती है।
कार्यक्रम का संचालन सूर्य प्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर गुलाबचंद रेगर, लीला व्यास, सुमन राठौर, शकुंतला मीना, चंद्रकला टाक, अनीता शर्मा, प्रतिभा सोलंकी, कमला खारोल, प्रेम देवी मीणा, पूजा धाकड़ सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।