
फोटो निर्वाचक नामावली के प्रारूप का हुआ प्रकाशन, 11 दिसम्बर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे-आपत्तियां
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित
मुरैना/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में गुरुवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी कुमार रावत की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रावत ने उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन एवं पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम नागरिक प्रारूप निर्वाचक नामावली का अवलोकन संबंधित मतदान केन्द्र, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की वेबसाइट www.ceoelection.mp.gov.in पर सर्च सुविधा के माध्यम से भी मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की एक हार्ड कॉपी एवं एक सीडी (फोटो रहित) उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही मतदान केन्द्रों की सूची भी प्रदान की गई।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रावत ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे प्रारूप निर्वाचक नामावली का गंभीरता से अवलोकन करें तथा पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वाने के लिए आमजन को जागरूक एवं प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6, अपात्र व्यक्तियों के नाम हटवाने के लिए प्रपत्र-7 तथा निर्वाचक नामावली में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन एवं अन्य आवश्यक सुधार के लिए प्रपत्र-8 में आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से ऐसे युवाओं को निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। साथ ही किसी अन्य कारण से निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
बैठक में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि राजनैतिक दलों के बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन संबंधित सूची सहित प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आवेदन पत्रों में दर्ज विवरणों का सत्यापन कर लिया है तथा वे उनकी सत्यता से संतुष्ट हैं।
बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के दौरान जीर्ण-शीर्ण भवनों के स्थान पर किए गए भवन परिवर्तन, बीएलए की जानकारी, निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित संपूर्ण कार्यक्रम तथा 22 फरवरी 2026 से 11 दिसम्बर 2026 तक प्राप्त प्रपत्र-6, 7 एवं 8 सहित निर्वाचन संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई गईं।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
Morena, Morena | Nov 12, 2026