
आगामी छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, घाटों की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। मौके पर नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा) संजय कुमार, उप विकास आयुक्त श्री अजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी छठ घाटों का अविलंब स्थलीय निरीक्षण करें तथा घाटों की स्थिति, जल की गहराई, पहुंच पथ तथा अन्य सुरक्षा संबंधी पहलुओं का आकलन करते हुए खतरनाक घाटों को चिह्नित करें, ताकि ससमय घाटों को दुरुस्त कर अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पहुंच पथ की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, बेरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय से प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व की तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि पर्व सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Oct 29, 2026