श्री सम्राट चौधरी, माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के कर-कमलों द्वारा आज पटना में नशामुक्त बिहार अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मुंगेर जिले में भी नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से आरडी एंड डीजे कॉलेज के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुंगेर की महापौर श्रीमती कुमकुम देवी, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) बिजेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां, सामाजिक समरसता और समाज की प्रगति को भी प्रभावित करता है। नशामुक्त बिहार का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक संकल्प आवश्यक है।” उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की नशा मुक्त बिहार की सोच को सार्थक बनाने में आप तमाम युवाओं का सहयोग अपेक्षित है। आज जिस तरह से युवा वर्ग सूखे एवं मादक पदार्थो के नशे की चपेट में आ रहें हैं, वह अत्यंत ही दुःखद एवं खेद जनक है। आप युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए आप सभी इस अभियान को सफल बनाने में आगे आएं और माननीय मुख्यमंत्री जी के इस अभियान में अपना सम्पूर्ण योगदान दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। छात्र-छात्राएं स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाकर ही स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील किया कि वे नशे से दूर रहने का संकल्प लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर भविष्य मिल सके। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने तथा इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए संकल्प दिलाया गया।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
2 views | Munger, Bihar | Oct 29, 2026