जिले में वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार, कृषि विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज मेगा क्रेडिट कैंप का सफल आयोजन किया गया। कार्यवाका उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणिकर द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी बैंकों द्वारा अक्टूबर माह के दौरान विभिन्न सरकारी एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत लगभग 100 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया गया। इस पहल से जिले में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
मेगा क्रेडिट कैंप के दौरान स्वयं सहायता समूह (SHG), प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (PMFME), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), रिटेल ऋण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), कृषि एवं कृषि संबद्ध गतिविधियों सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान लाभार्थियों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, एसडीसी बैंकिंग सुश्री प्रिया कुमारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) राजीव कुमार तथा डीडीएम, नाबार्ड सुजीत कुमार सहित जिले के विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के समग्र आर्थिक विकास में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, स्वरोजगार के अवसर सृजित करने, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय प्रगति की जा सकती है। उन्होंने सभी बैंकों, सरकारी विभागों एवं संबंधित संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले के ऋण-जमा (क्रेडिट-डिपॉजिट) अनुपात में सुधार लाने के लिए सामूहिक एवं प्रभावी प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पात्र आवेदकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करने, किसानों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन जिले में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
8 views | Munger, Bihar | Oct 29, 2026