करंट लगने से किसान की मौत
बीकानेर। बीकानेर जिले में नोखा थाने के खिचियासर गांव में आज रविवार सुबह कृषि कुएं पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से मालूसिंह की मौत हो गई। परिजन उन्हें नोखा के बागड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दी रिपोर्ट के अनुसार खिचियासर निवासी महेंद्रसिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे जितूसिंह ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई मालूसिंह के कृषि कुएं पर करंट आ गया है। सूचना मिलने पर वह मैयासर निवासी महावीरसिंह की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा। वहां उसका भाई मालूसिंह बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे गाड़ी से नोखा के बागड़ी अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने मालूसिंह जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट में बताया गया कि मालूसिंह के शव को बागड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई। मृतक खिचियासर का निवासी था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।