
भीमलत कुंड पर हुआ दुर्ग के बलिदानियों का तर्पण, उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालुओं ने पितरों के साथ चित्तौड़ दुर्ग के अमर बलिदानियों को किया तर्पण।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। शौर्य, त्याग और बलिदान की अमर गाथाओं से विश्वविख्यात चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक धरती सर्व पितृ अमावस्या पर श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता के भावों से अभिसिंचित हो उठी। ऐतिहासिक चित्तौड़ दुर्ग स्थित भीमलत कुंड पर चित्तौड़गढ़ गौरव तीर्थ प्रन्यास एवं ॐ तत्सत् पारमार्थिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक पितृ तर्पण कार्यक्रम में सेकड़ो श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के साथ दुर्ग के अमर बलिदानियों को भी तर्पण अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और 108 कुंडीय हवन से संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत हो उठा।
इस अवसर पर पूज्य दिग्विजय राम जी रामद्वारा, चित्तौड़गढ़, पूज्य संत विनोद यति जी महाराज यति जी उपासरा, महंत श्री जगन्नाथ भारती जी नीलकंठ महादेव मंदिर, दुर्ग, चित्तौड़गढ़, पूज्य संत नारायण सिंह जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।
सामूहिक तर्पण, वैदिक अनुष्ठान और संतों के प्रेरणादायी सान्निध्य के साथ भीमलत कुंड पर आयोजित यह कार्यक्रम पितृ श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना और चित्तौड़गढ़ के अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता का प्रेरक अवसर बना।