
इंटरनेशनल बाइक राइडर ने पालिकाध्यक्ष को भेजा पत्र,
रेहड़ी संचालकों को दुकानें आवंटित कर अनूपगढ़ को रेहड़ी मुक्त बनाने की माँग की
शहर के मुख्य बाजार में रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले सैकड़ों गरीब लोगों की समस्याओं को लेकर इंटरनेशनल बाईक राइडर मलकीत सिंह चहल ने नगरपालिका अध्यक्ष निखिला मोहित छाबड़ा को पत्र भेजकर विशेष अपील की है। उन्होंने नगरपालिका की ओर से उचित स्थान पर छोटी-छोटी दुकानों का निर्माण करवाकर रेहड़ी संचालकों को रियायती किराये पर उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है।
चहल ने कहा कि अनूपगढ़ शहर में सैकड़ों गरीब परिवार रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का जीवनयापन कर रहे हैं। रोजी-रोटी कमाने की उम्मीद में ये लोग मुख्य बाजार की सड़कों पर जहां जगह मिलती है, वहीं अपनी रेहड़ी खड़ी कर लेते हैं। इसके कारण कई बार बाजार में यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के दौरान रेहड़ी संचालकों को भी पुलिस की कार्रवाई और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष निखिला मोहित छाबड़ा पदभार ग्रहण करने के बाद सराहनीय कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से दीपावली के अवसर पर पहली बार नगरपालिका की ओर से बाजार को दुल्हन की तरह सजाकर एक नई मिसाल पेश की गई है। इस सराहनीय पहल से शहरवासियों की उम्मीदें भी नगरपालिका अध्यक्ष से बढ़ी हैं।
चहल ने अपील करते हुए कहा कि नगरपालिका उचित स्थान पर एक नया बाजार विकसित करे, जहां छोटी-छोटी दुकानों का निर्माण करवाकर रेहड़ी लगाकर जीवनयापन करने वाले गरीब परिवारों को रियायती किराये पर दुकानें आवंटित की जाएं। इससे गरीब परिवारों को रोजगार का स्थायी सहारा मिलेगा और मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था भी सुचारू हो सकेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नगरपालिका अध्यक्ष इस जनहितकारी मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए अगले वर्ष दीपावली तक गरीब रेहड़ी संचालकों को दुकानों के रूप में बड़ा तोहफा देंगी। इस पहल से गरीब परिवार आत्मनिर्भर बनेंगे, मुख्य बाजार को अतिक्रमण एवं यातायात की समस्या से राहत मिलेगी और अनूपगढ़ को रेहड़ी मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक नया इतिहास रचा जाएगा।
Janchetna india tour