
सरकारी रास्ते को लेकर विवाद, घर पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
मुरैना। पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र में सरकारी रास्ता रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को फरियादी भूरा पुत्र रामप्रसाद गुर्जर निवासी पहाड़गढ़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने आरोप लगाया कि सरकारी रास्ता रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी सिरनाम सिंह, साहब सिंह, बीरू, अनार सिंह, पवन और गोहर सिंह उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, फरसा और कुल्हाड़ी से जान से मारने की नीयत से हमला किया।
फरियादी की रिपोर्ट पर पहाड़गढ़ थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 138/26 के तहत धारा 109(1), 115(2), 296बी, 351(3), 3(5) वीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी पहाड़गढ़ द्वारा टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
विवेचना के दौरान 10 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कोरी पुरा से दो वांछित आरोपियों सिरनाम पुत्र पंचम गुर्जर (58 वर्ष) और साहब सिंह पुत्र पंचम सिंह गुर्जर (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
#morena #मुरैना #पुलिस