
24 निर्माण कार्यों का भुगतान न मिलने पर ठेकेदारों ने पालिका में किया हंगामा
एडीएम के आदेश के बाद भी भुगतान लंबित होने का आरोप, ईओ को ज्ञापन देकर मांगी धनराशि
कोंच। नगर पालिका परिषद कोंच में 24 निर्माण कार्यों का भुगतान लंबित होने से नाराज दो ठेकेदारों ने मंगलवार को पालिका कार्यालय में हंगामा किया और पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि एडीएम के आदेश के बाद भी उनकी बकाया धनराशि का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने ईओ को ज्ञापन देकर जल्द भुगतान कराने की मांग की।
मोहल्ला सुभाष नगर निवासी ठेकेदार जितेंद्र सिंह और विनय प्रताप सिंह ने ज्ञापन में बताया कि उन्होंने पालिका के कार्यादेश के अनुसार नगर में 24 निर्माण कार्य पूरे कराए थे। काफी समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो उन्होंने स्थानीय स्तर से लेकर एडीएम एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय तक शिकायत की। ठेकेदारों के अनुसार, एडीएम ने ईओ और पालिकाध्यक्ष को लंबित धनराशि का तत्काल भुगतान करने के आदेश दिए थे, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया।ठेकेदारों ने कहा कि भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में वे श्रमिकों की मजदूरी और निर्माण सामग्री विक्रेताओं का बकाया नहीं चुका पा रहे हैं। इससे श्रमिक और विक्रेता उन पर भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं।ज्ञापन में उन्होंने यह भी मांग की कि पालिकाध्यक्ष के समक्ष भेजी जाने वाली पत्रावलियों पर प्राप्ति के हस्ताक्षर और तारीख अंकित कराई जाए, ताकि बाद में पिछली तारीखों में नोटिस जारी करने या अभिलेखों में हेराफेरी की आशंका न रहे। वहीं, ठेकेदार जितेंद्र सिंह ने पालिकाध्यक्ष पर चार लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने और लंबित भुगतान से संबंधित कागजों पर ईओ के हस्ताक्षर होने के बावजूद पालिकाध्यक्ष के हस्ताक्षर न किए जाने का मौखिक आरोप लगाया। ज्ञापन पर लेबर ठेकेदार चंद्रभान, राजा सहित अन्य के हस्ताक्षर हैं।
ठेकेदारों के भुगतान बकाया होने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में ईओ से पत्राचार कर भुगतान अब तक न होने का कारण पता करेंगे। वहीं, ठेकेदार जितेंद्र सिंह द्वारा उधार लिए गए रुपये वापस न करने के लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। गलत आरोप लगाने को लेकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप गुप्ता, पालिकाध्यक्ष
Konch, Jalaun | Oct 28, 2026