
रेवाड़ी में सर्वे कर प्रतिष्ठानों के नक्शे जांचने के आदेश:सड़कों पर पार्किंग, फुटपाथों पर कब्जे; मानव अधिकार आयोग पहुंचा केस
रेवाड़ी और धारूहेड़ा में अव्यवस्थित पार्किंग व फुटपाथों पर अतिक्रमण का मामला हरियाणा मानव अधिकार आयोग तक पहुंच गया है। गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने आयोग को पत्र भेजकर प्रमुख मार्गों पर पार्किंग व्यवस्था की जांच, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम लगता है और फुटपाथों पर कब्जे के कारण पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है।
प्रकाश यादव ने पत्र में मांग की है कि रेवाड़ी और धारूहेड़ा के प्रमुख मार्गों पर पार्किंग व्यवस्था की जांच कराई जाए। जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमानुसार पार्किंग की सुविधा नहीं है, उनके स्वीकृत नक्शे और भवन निर्माण मानकों की जांच हो। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाए और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
सर्कुलर रोड पर घंटों खड़े रहते हैं वाहन
शहर के सर्कुलर रोड पर अस्पतालों, बैंकों, शोरूमों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है और व्यस्त समय में जाम की स्थिति बनती है। कई बार वाहन लंबे समय तक खड़े रहने से आम वाहन चालकों के साथ दोपहिया वाहन ड्राइवरों को भी परेशानी होती है।
बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ग्राहकों, मरीजों और अन्य लोगों के वाहनों के लिए नियमानुसार पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए। जिन प्रतिष्ठानों में पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं है, उनके स्वीकृत नक्शे, भवन निर्माण अनुमति और लागू पार्किंग मानकों की जांच होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित विभाग कार्रवाई करें।
अतिक्रमण से पैदल चलना मुश्किल
फुटपाथों पर सामान रखने और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण पैदल चलने वालों के लिए रास्ता नहीं बचता। ऐसे में बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। रेवाड़ी और धारूहेड़ा के प्रमुख मार्गों पर फुटपाथों की स्थिति का सर्वे कराया जाए।
जहां अतिक्रमण मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर रास्ते खाली करवाए जाएं। साथ ही, फुटपाथों की नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि दोबारा कब्जे न हों।
संयुक्त सर्वे कराने की मांग
प्रकाश यादव ने नगर परिषद, नगर पालिका, यातायात पुलिस, जिला प्रशासन और नगर नियोजन विभाग की संयुक्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर लंबे समय तक वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। जाम के कारण एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता मिलने में परेशानी हो सकती है।
उन्होंने आयोग से संबंधित विभागों की कार्रवाई रिपोर्ट तलब करने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Rewari, Rewari | Oct 21, 2026