
कांटी हत्याकांड का खुलासा! शंभु सहनी हत्याकांड में एक और नामजद गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में हुए शंभु सहनी हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक और नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया वार्ड नंबर-12 निवासी शंभु सहनी का शव एनटीपीसी लैगुन के पास झाड़ी में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पत्नी सुनीता देवी के फर्दबयान के आधार पर कांटी थाना कांड संख्या 537/26 दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, फर्दबयान में तीन नामजद आरोपियों पर पैसों के लेनदेन को लेकर मृतक से विवाद का जिक्र किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान राजा कुमार और पप्पु चौरसिया को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
वहीं, लगातार जांच, आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 अक्टूबर को प्रकाश चौरसिया उर्फ प्रकाश कुमार, निवासी कांटी, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल भी बरामद की है।
फिलहाल पुलिस आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी है, जबकि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
#MuzaffarpurNews #KantiNews #KantiMurderCase #BiharPolice #TirhutNow