
हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 17 प्रस्तावों पर लगी मुहर, नामित पार्षदों को महापौर ने दिलाई शपथ
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के सभागार में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास और जनसमस्याओं से जुड़े कुल 17 प्रस्तावों पर पार्षदों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया और सभी प्रस्तावों को सहमति से स्वीकृति प्रदान की।
दो नामित पार्षदों ने ली शपथ
बैठक के दौरान शासन की ओर से नामित पार्षद दिनेश सिंह बिष्ट और संजय भोजक को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महापौर ने दोनों नामित पार्षदों का नगर निगम परिवार में स्वागत किया।
जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर हुई चर्चा
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले 18 माह के कार्यकाल के दौरान जनता और पार्षदों की ओर से उठाई गई समस्याओं एवं विकास से संबंधित प्रस्तावों को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। इन्हीं मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया गया, जहां सभी पार्षदों ने सहमति जताते हुए प्रस्तावों को स्वीकृति दी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बोर्ड बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, नवल नौटियाल और महेश पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर निगम की इस बैठक में स्वीकृत 17 प्रस्तावों से शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करने का रास्ता साफ हुआ है।
#Haldwani #NagarNigam #BoardMeeting #GajrajSinghBisht #HaldwaniNews #UttarakhandNews #MunicipalCorporation #i7News #HaldwaniKathgodam