
औराई में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार और लूट की नगदी के साथ नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार *रतवारा पुल के पास पुलिस की छापेमारी में देसी लोडेड पिस्तौल, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद; डिलीवरी बॉय से लूटकांड का हुआ खुलासा
मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रतवारा पुल के पास छापेमारी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक (बाल अपचारी) को निरुद्ध किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से देसी लोडेड पिस्तौल, जिंदा कारतूस, लूट के 4 हजार रुपये, चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में औराई थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रतवारा पुल के पास छह से सात अपराधी अवैध हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखते ही अपराधी भागने लगे। हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। इनमें से दो को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया।