
वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने वन विभाग की प्रभावी कार्रवाई, 5 हेक्टेयर भूमि कराई मुक्त
वन सुरक्षा पखवाड़ा के तहत नूराबाद में कार्रवाई, दोबारा अतिक्रमण रोकने जेसीबी से खुदवाई खंतियां एवं गड्ढे
वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा वन संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा वन सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वनमंडलाधिकारी एवं उप वनमंडलाधिकारी मुरैना के निर्देशन में 18 नवंबर को वन परिक्षेत्र अधिकारी मुरैना के नेतृत्व में बीट नूराबाद के कक्ष क्रमांक पीएफ-21 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
उक्त वन भूमि पर विगत कई वर्षों से अवैध रूप से कृषि कार्य किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही जेसीबी मशीनों की सहायता से वन भूमि पर खंतियां एवं गड्ढे खुदवाए गए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना को रोका जा सके तथा वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में राजस्व विभाग के कर्मचारियों एवं पुलिस थाना नूराबाद के पुलिस बल का भी सहयोग प्राप्त हुआ। विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
वन विभाग द्वारा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने, वन संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा अवैध अतिक्रमण की रोकथाम के लिए वन सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत अभियान चलाकर इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
#administration #JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh