वन सुरक्षा पखवाड़े में अवैध खण्डा पत्थर उत्खनन के विरुद्ध वन विभाग की कार्रवाई, खदानों तक पहुंचने वाले रास्ते किए अवरुद्ध
वन भूमि को अवैध उत्खनन एवं अतिक्रमण से मुक्त कराने विशेष अभियान जारी, पूर्व में 5 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया अतिक्रमण
वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, अवैध वनोपज कटाई एवं वन भूमि पर अतिक्रमण की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा 12 से 24 नवम्बर 2026 तक विशेष वन सुरक्षा पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। वनमण्डलाधिकारी, सामान्य वनमण्डल मुरैना के निर्देशन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत वन परिक्षेत्र मुरैना द्वारा वन संपदा के संरक्षण एवं वन अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 21 नवम्बर 2026 को वन चौकी पहाड़ी के अंतर्गत वन क्षेत्र बीट पहाड़ी-3 के कक्ष क्रमांक आरएफ-26 में अवैध खण्डा पत्थर उत्खनन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की गई। वन विभाग के अमले ने जेसीबी मशीन की सहायता से खदानों तक पहुंचने वाले कच्चे एवं अवैध रास्तों पर गहरी खाइयां खुदवाकर उन्हें अवरुद्ध कराया। इन रास्तों का उपयोग अवैध रूप से खण्डा पत्थर का उत्खनन एवं परिवहन करने के लिए किया जा रहा था। रास्ते बंद किए जाने से खदानों तक उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मुरैना के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वन भूमि में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना तथा प्राकृतिक एवं वन संपदा का संरक्षण सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभागीय अमले द्वारा वन क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं सतत निगरानी की जा रही है, ताकि अवैध उत्खनन और वन भूमि के दुरुपयोग की गतिविधियों को रोका जा सके।
वन सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत वन परिक्षेत्र मुरैना के अमले द्वारा पूर्व में भी प्रभावी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान अवैध रूप से सेमल की लकड़ी का परिवहन करते हुए 22 चक्का ट्रेलर तथा सताकता की लकड़ी से भरा एक मैक्स वाहन जब्त कर राजसात की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त बीट नूराबाद क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
वन विभाग द्वारा आरक्षित एवं संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, वनोपज की अवैध कटाई एवं परिवहन तथा वन भूमि पर अतिक्रमण की रोकथाम के लिए अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। इसके तहत वन क्षेत्रों में दिन-रात गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है। वन संपदा के संरक्षण, वन भूमि की सुरक्षा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
#CMMadhyaPradesh #administration #JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh