चार वार्डों में 5 करोड़ 6 लाख रुपये के विकास कार्यों का कृषि मंत्री श्री कंषाना ने किया भूमिपूजन
सीसी रोड, नाली निर्माण एवं मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण से नागरिकों को मिलेंगी बेहतर मूलभूत सुविधाएं
प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने रविवार को नगर निगम मुरैना के अंतर्गत चार वार्डों में कुल 5 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने वार्ड क्रमांक 10 में 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बिस्मिल नगर मुख्य मार्ग से कनेक्ट नरुआ रोड स्थित काका ढाबा तक सीसी रोड एवं नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 9 के जौरा खुर्द में 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर में आवश्यक सुविधाओं का विकास कर उसे सुव्यवस्थित एवं बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 47 में 70 लाख रुपये की लागत से एमएस रोड से कनेक्ट दाऊजी नगर की विभिन्न गलियों में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 4 के सिद्धपुरा क्षेत्र में 1 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बेहतर होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा जल निकासी की समस्या के निराकरण में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं का निराकरण करते हुए नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर आमजन के जीवन को सुविधाजनक बनाना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों को इनका दीर्घकालिक लाभ मिल सके। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने स्वागत भाषण देते हुए उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों का स्वागत किया तथा विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री सत्येन्द्र धाकरे, संबंधित वार्डों के पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh