
गोंडा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को बाबा रामदेव पर जमकर निशाना साधा। कहा- बाबा रामदेव तो स्वदेशी को लेकर चले थे, लेकिन विदेशी चड्ढी तक बनाने लगे हैं। बाबा रामदेव की बात का कौन विश्वास करता है? इस बार बाबा रामदेव से कह दीजिएगा कि सिंदूर और बिंदी पहनकर न आएं, मर्द की तरह आएं।
दरअसल, बृजभूषण दोपहर करीब 2 बजे रघुकुल विद्यापीठ में प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे। यहां उन्होंने पांच ब्लॉक से आए 1000 से अधिक मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर लगाए गए यूपी सरकार के प्रतिबंध पर भी कटाक्ष किया।
उन्होंने सरकार से पूछा- अरे प्रभु, इतना देर क्यों कर दी? गांव-गांव में कैंसर, घर-घर में कैंसर फैल रहा है। बृजभूषण ने अफसरों को नसीहत देते हुए कहा कि वे नकली उत्पाद बेचने वालों पर कार्रवाई करें, असली कारोबारियों को बेवजह परेशान न करें। ऐसा न करें कि नकली वाले के यहां जाएं नहीं और असली वाले को रगड़ दें।
बृजभूषण शरण ने कहा- अभी WHO की रिपोर्ट एक रिपोर्ट आई थी। इसमें लिखा था कि जितना दूध पैदा होता है, उससे तीन गुना ज्यादा खपत है। अब जब WHO ने कह दिया तो सही और बृजभूषण 20 साल से घूम-घूमकर कह रहे, तो कोई नहीं माना।
नकली तेल, नकली घी, नकली समोसा, लेकिन हमारी बात कोई नहीं मानता था। आप सोचो जहर बिक रहा है। मैंने सुना अभी यूपी सरकार ने कुछ खाद्य पदार्थों पर बैन लगाया है। सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद। लेकिन, अरे प्रभु, इतनी देर क्यों कर दी?
बाबा रामदेव के आंदोलन की चेतावनी को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि आंदोलन करना चाहिए, आने दीजिए उनको। मैदान से एक बार भागे थे पायजामा और सलवार पहन करके। उनके अंदर आंदोलन की क्षमता है। लेकिन, इस बार बाबा रामदेव से कह दीजिएगा कि मर्द की तरह आंदोलन करें। मैं मानता हूं कि नकली घी का कल्चर जो इस देश में बड़े पैमाने पर आया, वह बाबा रामदेव ही लाए हैं।