
जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़, ₹2.48 लाख के नकली नोट बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार
The silence media news
औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। मदनपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2 लाख 48 हजार 500 मूल्य के नकली नोट, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
शनिवार को मदनपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ डॉ. आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जाली नोटों की बड़ी खेप का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मदनपुर थाना मोड़ के पास शुक्रवार रात करीब आठ बजे वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान गया की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ₹500 के 297 जाली नोट, जिनकी कुल कीमत ₹1,48,500 है, बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार पासवान, निवासी बाबूबांध गांव, आंजन थाना (औरंगाबाद) के रूप में हुई।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मिठाईयां मोड़ के पास छापेमारी कर दूसरे आरोपी विजय यादव, निवासी सोमिया गांव, बाराचट्टी थाना (गया) को गिरफ्तार किया। उसके पास से ₹500 के 200 जाली नोट, कुल ₹1 लाख मूल्य के बरामद किए गए।
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में मदनपुर थाना कांड संख्या 317/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआई सुरेंद्र कुमार, मदनपुर थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#thesilencemedianews #15अगस्त #औरंगाबाद #aurangabad #jalinote #fakecurrency