
धार क्षेत्र में नशे की खेती पर पुलिस का बड़ा वार, 10,224 भांग के पौधे किए नष्ट।
पतलीकुहल थाना क्षेत्र में सीढ़ीनुमा खेतों में चल रही थी अवैध भांग की खेती, अज्ञात आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज
कुल्लू (पतलीकुहल)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने अवैध भांग की खेती के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पतलीकुहल थाना क्षेत्र के धार इलाके में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सीढ़ीनुमा खेतों में बड़े पैमाने पर उगाई गई भांग की फसल का पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, मौके पर कुल 10,224 भांग के पौधे पाए गए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उगाए गए सभी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। अब पुलिस जांच में जुटी है कि धार क्षेत्र के इन खेतों में अवैध भांग की खेती कौन कर रहा था और इसके पीछे किन लोगों की संलिप्तता है।
पुलिस टीम द्वारा खेती वाले स्थानों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कुल्लू पुलिस की इस कार्रवाई को नशे की अवैध खेती पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और इसकी खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#Kullu #Patlikuhal #KulluPolice #BhangCultivation #IllegalBhang #NDPSAct #DrugFreeHimachal #HimachalNews #HimachalPradesh