
मंदाकिनी उफान पर: बांदा-चित्रकूट मार्ग बाधित, यातायात एडवाइजरी जारी, इन वैकल्पिक मार्गों का करें प्रयोग
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़े तीन रूट प्रभावित, तिंदवारी-बबेरू मार्ग पर भी जलभराव, पुलिस की अपील- रपटों पर वाहन न ले जाएं
बांदा/चित्रकूट। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने और नदी-नालों में तेज जलप्रवाह के कारण बांदा-चित्रकूट का यातायात प्रभावित हो गया है। जनपद पुलिस ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर यातायात एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस के अनुसार बांदा से चित्रकूट जाने वाला मुख्य मार्ग, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से बांदा-अतर्रा-चित्रकूट रोड और बांदा-बिसंडा रोड पर पानी के तेज बहाव के कारण आवागमन बाधित है। अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य वाहनों से चित्रकूट की ओर यात्रा न करने की अपील की गई है।
चित्रकूट से होकर प्रयागराज जाने वाले वाहन बांदा-वेंदाघाट-फतेहपुर या बांदा-चिल्ला-फतेहपुर के वैकल्पिक मार्ग से आ-जा सकते हैं।
वहीं जनपद बांदा में तिंदवारी-बबेरू मार्ग पर भी नदी-नालों में तेज बहाव से यातायात प्रभावित है।
*पुलिस की आमजन से 6 अपील -*
1. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और रपटों पर वाहन लेकर न जाएं।
2. तेज बहाव वाला पानी पार करने का जोखिम न उठाएं।
3. बैरिकेडिंग और यातायात निर्देशों का पालन करें।
4. अनावश्यक चित्रकूट यात्रा से बचें।
5. बाढ़ क्षेत्र में रील/फोटो के लिए पानी में न उतरें, जान जोखिम में न डालें।
6. यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
Atarra, Banda | Aug 30, 2026