
पाठक सैनिक क्लासेस उरई के निदेशक सौरभ पाठक हुए सम्मानित, डिप्टी सीएम के हाथों मिला सम्मान
अमर उजाला के समर्पण एवं सम्मान समारोह में उनके अतुलनीय और निस्वार्थ योगदान के लिए मिला सम्मान
कानपुर। अमर उजाला की ओर से गुरुवार को जीटी रोड, हर्ष नगर स्थित प्रिस्टीन होटल में समर्पण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज सेवा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों व चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक रहे।
आपको बता दें कि सौरभ पाठक (निदेशक पाठक सैनिक क्लासेस, उरई) द्वारा कोरोना महामारी के अत्यंत कठिन दौर में, जब हर कोई अनिश्चितता से जूझ रहा था, उस समय मानवता का हाथ बढ़ाते हुए अनगिनत अनाथ और गरीब बच्चों को निःशुल्क दवाइयाँ, भोजन और वस्त्र उपलब्ध कराए। इतना ही नहीं, संकट के उस दौर में उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि इन बच्चों की शिक्षा की लौ बुझने न पाए। शिक्षा और समाज सेवा का यह महान संकल्प आज भी अनवरत जारी है। वर्तमान में सौरभ पाठक अपने संस्थान 'पाठक सैनिक क्लासेस' के माध्यम से 100 से अधिक जरूरतमंद बच्चों की संपूर्ण शिक्षा, पुस्तकें, पोशाक और आवागमन (ट्रांसपोर्ट) की निःशुल्क व्यवस्था स्वयं संभाल रहे हैं। शिक्षा को हर वर्ग तक पहुँचाने और कई बेसहारा बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में उनके इस अतुलनीय और निस्वार्थ योगदान के लिए उन्हें सहर्ष सम्मानित किया गया है।
सौरभ पाठक को मिले इस सम्मान से उनके समर्थकों एवं परिचितों में खुशी की लहर है। लोगों ने उनके सम्मान को जिले के लिए भी गौरव का विषय बताया।
Orai, Jalaun | Aug 14, 2026