
गांव वालों ने मुंगेर में प्रेमी जोड़े की कराई शादी, कुछ घंटे बाद ही पत्नी को छोड़ फरार हुआ दूल्हा,दुल्हन परेशान
बिहार के मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग और शादी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो साल से प्रेम संबंध में रह रहे प्रेमी जोड़े को गांव वालों ने पकड़ लिया। इसके बाद गांव वालों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें भी खाईं। लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हा अपनी नई नवेली पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। अब लड़की और उसके परिजन परेशान हैं और युवक की तलाश कर रहे हैं।
दो वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
दरअसल, पूरा मामला धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव का है। गांव के अनिल मंडल की बेटी का गांव के ही दीपक चौधरी के बेटे गौरव कुमार के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी धीरे-धीरे परिवार वालों को भी हो गई थी।10 नवंबर की रात गौरव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के कहने पर गौरव ने सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए साथ निभाने का वादा किया।लेकिन कुछ देर बाद जब लड़के के परिजन मौके पर पहुंचे तो एक बार फिर माहौल बिगड़ने लगा। इसी बीच प्रेमी से पति बना गौरव लोगों को चकमा देकर अपनी पत्नी को वहीं छोड़कर फरार हो गया।