
**रामलीला मंच पर छाए घनश्याम कोटार, निषाद राज केवट के अभिनय से जीता दर्शकों का दिल**
**मनोज कुमार बिन्द, पत्रकार**
**जसरा, प्रयागराज।** शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित रामलीला में जसरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि घनश्याम कोटार ने निषाद राज केवट का शानदार अभिनय कर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके अभिनय में भक्ति, हास्य और ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।
मंच पर भगवान श्रीराम से केवट के संवाद के दौरान घनश्याम कोटार ने अपनी अवधी बोली, हाव-भाव और दमदार संवाद अदायगी से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने केवट के उस प्रसंग को जीवंत कर दिया, जिसमें भगवान श्रीराम को नाव पर बैठाने से पहले उनके चरण धोने की बात कही जाती है।
केवट के संवादों में भक्ति के साथ हास्य का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मंच पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के स्वरूप में मौजूद कलाकारों के साथ केवट की लीला ने रामभक्तों को भावविभोर कर दिया।
श्री रामलीला नाट्य समिति, पुरानी बाजार के पदाधिकारियों के अनुसार, घनश्याम कोटार हर वर्ष रामलीला में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उनके अभिनय में धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय भाषा और ग्रामीण परंपराओं की झलक साफ दिखाई देती है। इस बार भी उनके केवट प्रसंग की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।
रामलीला का समापन जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ।
Bara, Allahabad | Oct 17, 2026