
KPI पोर्टल की अगस्त और सितंबर रैंकिंग में विदिशा जिले का लगातार शानदार प्रदर्शन, दोनों माह प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा
------------------------------
कृषि एवं संबद्ध विभागों की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत मॉनिटरिंग से हासिल हुई उपलब्धि – कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में जिले ने सितंबर में 52.24 का स्कोर अर्जित किया
------------------------------
विदिशा। राज्य सरकार द्वारा किसानों के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और कल्याण के उद्देश्य से संचालित कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत विदिशा जिले ने कृषि एवं उससे जुड़े संबद्ध विभागों के कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन के शासकीय की परफॉर्मेंस इंडिकेटर (KPI) पोर्टल पर जारी अगस्त एवं सितंबर 2026 की रैंकिंग में विदिशा जिले ने लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रशासनिक दक्षता और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचय दिया है।
अगस्त माह में जिला रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद सितंबर माह में भी जिले ने अपनी इस उपलब्धि को बरकरार रखा है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के नेतृत्व, मार्गदर्शन और विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले ने अगस्त माह में 42.95 का जिला स्कोर अर्जित किया, जबकि सितंबर माह में यह स्कोर बढ़कर 52.24 हो गया। स्कोर में हुई यह उल्लेखनीय वृद्धि जिले में कृषि और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा विभागों के समन्वित प्रयासों को दर्शाती है। इस उपलब्धि से जिले के प्रशासनिक अमले, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और कृषक समुदाय में उत्साह का वातावरण है।
▪️ कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन -
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने जिले को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अगस्त माह में विभाग ने 40 के निर्धारित वेटेज में से 14.33 का विभागीय स्कोर प्राप्त किया था। इस दौरान 7,845 के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 7,692 की उपलब्धि दर्ज की गई तथा सभी पांच स्वीकृत प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (KPI) शत-प्रतिशत पूर्ण किए गए। नोडल स्तर पर एक भी प्रकरण लंबित नहीं रहा। वहीं सितंबर माह में विभाग ने अपने प्रदर्शन में और सुधार करते हुए 40 के वेटेज में से 19.18 का स्कोर अर्जित किया। इस अवधि में 19,785 के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 20,274 की उपलब्धि दर्ज की गई। विभाग के सभी सात स्वीकृत KPI शत-प्रतिशत पूर्ण रहे तथा नोडल स्तर पर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहा। यह उपलब्धि कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक शासकीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।
▪️ सहकारिता विभाग ने समयबद्ध क्रियान्वयन से बनाई मजबूत स्थिति -
सहकारिता विभाग द्वारा वित्तीय एवं सहकारी सेवाओं के प्रभावी और समयबद्ध संचालन में उल्लेखनीय कार्य किया गया। अगस्त माह में विभाग ने 12.70 का स्कोर प्राप्त किया। निर्धारित 7,081 के लक्ष्य के विरुद्ध 6,455.90 की उपलब्धि दर्ज की गई तथा दोनों स्वीकृत KPI निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए गए। सितंबर माह में विभाग ने 12.96 का स्कोर अर्जित किया। इस दौरान 7,081 के लक्ष्य के विरुद्ध 6,527.99 की उपलब्धि दर्ज की गई। विभाग के दोनों स्वीकृत KPI समयसीमा में पूर्ण किए गए। सहकारिता क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्यप्रणाली ने जिले की समग्र रैंकिंग को मजबूती प्रदान की है।
▪️ पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की -
पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने भी जिले की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अगस्त माह में विभाग ने 8.41 का स्कोर अर्जित करते हुए 5,74,190 के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 6,52,785 की उपलब्धि हासिल की। सितंबर माह में विभाग का प्रदर्शन और बेहतर रहा। विभाग ने 12.60 का स्कोर प्राप्त किया तथा 5,74,263 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 7,27,604 की उपलब्धि दर्ज की। इस प्रकार विभाग ने निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक कार्य करते हुए पशुपालकों के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण प्रस्तुत किया। सितंबर माह में विभाग के सभी छह KPI भी सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए।
▪️ मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि _
मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग ने दोनों माह में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। अगस्त एवं सितंबर माह में विभाग ने 7.50 का स्कोर प्राप्त किया। विभाग द्वारा निर्धारित 90 के लक्ष्य के विरुद्ध 750 की उपलब्धि दर्ज की गई, जो लक्ष्य की तुलना में उल्लेखनीय प्रगति को प्रदर्शित करती है। मत्स्य पालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में विभाग के प्रयास सराहनीय रहे हैं।
▪️ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण पर भी विशेष जोर -
उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अंतर्गत सितंबर माह में 64 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस क्षेत्र में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर पर कार्य जारी है। कृषि आधारित गतिविधियों के विस्तार, किसानों को विविध फसलों की ओर प्रोत्साहित करने और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की दिशा में विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
▪️ टीम वर्क, समन्वय और सतत मॉनिटरिंग से मिली सफलता -
जिला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों, मैदानी अमले की सक्रियता और किसानों के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर श्री गुप्ता के मार्गदर्शन में विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा, मैदानी स्तर पर प्रगति का आकलन और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही के साथ किए जा रहे कार्यों का सकारात्मक परिणाम KPI पोर्टल की रैंकिंग में सामने आया है।
विदिशा जिले का लगातार दो माह तक प्रदेश में प्रथम स्थान पर बने रहना इस बात का प्रमाण है कि समन्वित प्रयासों, बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन और योजनाओं की प्रभावी निगरानी से विकास के लक्ष्यों को नई गति दी जा सकती है। जिले ने न केवल अपनी पहली रैंकिंग बरकरार रखी है, बल्कि अगस्त के 42.95 के मुकाबले सितंबर में 52.24 का स्कोर हासिल कर अपने प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। यह उपलब्धि कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करने की दिशा में विदिशा जिले की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। #vidisha