
*प्रयागराज में उदयभान करवरिया का शक्ति प्रदर्शन, BJP में बढ़ी सियासी हलचल*
#उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के अंदरूनी सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रयागराज में पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने हजारों समर्थकों और वाहनों के लंबे काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान 'टाइगर इज बैक' के नारों के बीच उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता का संकेत दिया।
रैली में करवरिया ने बिना नाम लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता और पद के बिना भीड़ जुटाकर दिखाने की चुनौती स्वीकार करें। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए UGC विवाद को उन्हें कमजोर करने की साजिश बताया।
करवरिया ने प्रयागराज शहर उत्तरी से बीजेपी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी का समर्थन भी किया। उन्होंने जनता से मौजूदा विधायक को बचाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि जवाहर पंडित हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे उदयभान करवरिया जुलाई 2024 में समयपूर्व रिहा हुए थे। उनके इस प्रदर्शन को 2027 चुनाव से पहले प्रयागराज की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026