पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सफाई कर्मचारियों की तिरंगा यात्रा 20 अगस्त को
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, जनपद संत कबीर नगर की ओर से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 20 अगस्त 2026 को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। संगठन के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में जनपद के समस्त सफाई कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।
जिला अध्यक्ष परमहंस गौतम की अगुवाई में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा दोपहर 2:30 बजे जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद से शुरू होगी। यात्रा मेहदावल बाईपास चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक जाएगी। इस दौरान सफाई कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसे लेकर कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाते रहे हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से कर्मचारी एकजुटता का संदेश देते हुए पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेंगे। संगठन ने जनपद के सभी सफाई कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।