
मुजफ्फरपुर में नाबालिग हत्याकांड का खुलासा! तालाब से मिला शव, प्रेम-प्रसंग में हत्या का आरोप; 2 गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र से सामने आई एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। नाबालिग के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालिका को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को रंजू देवी ने अपने पुत्र के गुमशुदा होने की शिकायत कटरा थाना में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस को मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने का संदेह हुआ। पूछताछ के क्रम में मदन दास को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि उसकी निशानदेही पर देवगन स्थित एनएच के पास एक तालाब से गुमशुदा नाबालिग का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या कर शव को तालाब में जलकुंभी के अंदर छिपाने की बात सामने आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में मदन दास और रीता देवी, दोनों कटरा थाना क्षेत्र के निवासी, गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं एक विधि-विरुद्ध बालिका को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की अग्रतर कार्रवाई जारी है।
#TirhutNow #MuzaffarpurCrime #KatraMurderCase #BiharCrimeNews #CrimeNews