
डीएम समीर सख्त: 15 दिन में गड्ढामुक्त हो NH-27, सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
चौराहों के 50 मीटर दायरे में बैनर-होर्डिंग और ई-रिक्शा पर रोक की तैयारी, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बड़े-बड़े गड्ढों की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और 15 दिन के भीतर हाईवे को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को पर्याप्त मशीनरी और मैनपावर लगाकर सड़कों की मरम्मत कराने को कहा।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बस, ट्रक, चार पहिया और दोपहिया वाहन चालकों के स्वास्थ्य शिविर लगाकर आंखों की जांच, शुगर टेस्ट सहित जरूरी परीक्षण कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा।
उन्होंने रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चौराहों के 50 मीटर के दायरे में बैनर-होर्डिंग लगाने और ई-रिक्शा खड़े करने पर रोक सुनिश्चित करने को कहा। अनावश्यक विज्ञापन सामग्री हटाने के साथ ई-रिक्शा संचालन के लिए सड़कवार कार्ययोजना तैयार करने और जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर इनके संचालन पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर पड़ी बजरी, ईंट, बालू और अन्य निर्माण सामग्री तत्काल हटवाने तथा जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। विद्युत विभाग को बिजली चोरी रोकने, नए कनेक्शन सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मरों की जांच कराने और यातायात में बाधा बन रहे अनावश्यक विद्युत पोल व केबल हटाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ, सीएमओ डॉ. एच.एन. प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी अमित सक्सेना, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन सौम्या पाण्डेय, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 15, 2026