
*गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता एवं वेलनेस सत्र आयोजित, युवाओं व समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित।*
`गुरुग्राम: 06 अगस्त 2026`
▪️ गुरुग्राम पुलिस द्वारा दिनांक 06.08.2026 को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त गुरुग्राम के उद्देश्य को साकार करने के लिए एंबिएंस पब्लिक स्कूल, गुरुग्राम में विद्यार्थियों के लिए तथा पुलिस थाना सैक्टर-29 के क्षेत्र में आमजन के लिए नारकोटिक्स ड्रग डी-एडिक्शन अवेयरनेस एवं वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया।
▪️ इस जागरूकता एवं वेलनेस सत्र को आचार्य करमवीर द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों/लोगों को बताया कि जीवन की चुनौतियों, तनाव एवं प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ या अन्य व्यसनों का सहारा लिए बिना भी सकारात्मक, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
▪️ सत्र के दौरान अष्टांग योग, स्वर योग (श्वास का विज्ञान), नाद योग (आंतरिक ध्वनि), कर्म योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली, जीवन मूल्यों तथा हार्मोन संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रकार की व्यसनकारी आदतों के दुष्प्रभावों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया तथा उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
▪️ कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
▪️ इस अवसर पर युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया गया कि वे नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
Uklana, Hissar | Aug 6, 2026