
डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु पॉलीटेक्निक रायसेन में कॉलेज लेवल काउंसिलिंग प्रारंभ
-------
-------
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रायसेन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कॉलेज लेवल काउंसिलिंग 4 जुलाई से शुरू है। द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग पूर्ण होने के बाद इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज लेवल काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। महाविद्यालय में दसवीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग में प्रवेश दिए जाएंगे।
इच्छुक विद्यार्थी 14 अगस्त 2026 सायं 6ः30 बजे तक घर बैठे डीटीई की वेबसाइट https://dte.mponline.gov.in अथवा महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपनी पसंद के पाठ्यक्रम के लिए पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के उपरांत विद्यार्थी 14 अगस्त 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दोपहर 12ः30 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों सहित महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रातः 10ः30 बजे से सायं 06 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करा सकते हैं।
इसके साथ ही दसवीं के साथ आईटीआई अथवा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए उपरोक्त पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष (तृतीय सेमेस्टर) में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए प्रथम चरण की काउंसिलिंग के अंतर्गत 7 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक दोपहर 12ः30 बजे तक पंजीयन कराया जा सकेगा। पंजीयन के बाद विद्यार्थियों को 11 अगस्त एवं 14 अगस्त 2026 को कार्यालयीन समय में महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एसपी कोरी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा डिप्लोमा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रमाणपत्र के साथ 12वीं समकक्ष योग्यता का लाभ भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार शुल्क में छूट तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं जिनमें प्रगति, स्वनाथ, सक्षम एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति शामिल हैं! जिनका लाभ प्राप्त करने की पात्रता है। इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को 30000 प्रति वर्ष से 50000 प्रति वर्ष तक की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है।
पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होते हैं। साथ ही पॉलीटेक्निक विद्यार्थियों के लिए बीई के द्वितीय वर्ष में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश का प्रावधान भी है। महाविद्यालय की प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। पंजीयन में किसी प्रकार की समस्या अथवा पाठ्यक्रमों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी महाविद्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रवेश समिति के सदस्यों से मोबाइल नंबर 9827666729, 9575110404, 9654929463, 9329443475, 6266119686, 9717581032 पर भी संपर्क किया जा सकता है। प्रवेश नियम, पात्रता एवं अन्य जानकारी डीटीई की वेबसाइट https://dte.mponline.gov.in पर उपलब्ध है।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal